‘मां से बढ़कर कुछ नहीं’, योगी की मां के निधन पर आजम खान ने जताया दुख

'मां से बढ़कर कुछ नहीं', योगी की मां के निधन पर आजम खान ने जताया दुख

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने इस घटना को बड़ा सदमा बताते हुए कहा कि मां से बढ़कर दुनिया में कोई दौलत नहीं हो सकती। आजम खान ने मुख्यमंत्री योगी के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनके परिवार के लिए प्रार्थना की।

शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान आजम खान ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। उन्होंने कहा, “मां से बड़ी कोई दौलत नहीं हो सकती। अल्लाह ताला उन्हें इस दुख को सहने की हिम्मत और सब्र अता फरमाएं।” उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस मुश्किल समय में दुख सहने की शक्ति देने की दुआ भी की।

अखिलेश यादव ने भी जताया दुख

वहीं, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि मुख्यमंत्री जी की पूज्य माता के निधन की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक में डूबे परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

आज हरिद्वार में होगा अंतिम संस्कार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 साल की उम्र में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के उनके पैतृक गांव पंचूर में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उन्होंने शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अंतिम सांस ली। मां के निधन की खबर मिलते ही सीएम योगी उनके अंतिम दर्शन के लिए पंचूर पहुंचे। यहां उन्होंने मां के पार्थिव शरीर पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री काफी भावुक नजर आए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।

सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार के चंडी घाट पर किया जाएगा। इसके लिए उनके पार्थिव शरीर को पंचूर से हरिद्वार लाया जा रहा है। सीएम योगी ने अपनी मां के पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम विदाई दी। इस दौरान भी वह कई बार अपने आंसू पोंछते नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *