भूस्खलन से पहले ही मिलेगा अलर्ट, भारत में पहली बार विश्व भूस्खलन मंच का आगाज

भारत में पहली बार फरीदाबाद में सातवें विश्व भूस्खलन मंच का आगाज। डॉ. जितेंद्र सिंह ने एआई, सैटेलाइट तकनीक और भूस्खलन की पूर्व चेतावनी प्रणाली पर दिया जोर।

दिल्ली एनसीआर: देश में भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की रणनीति को नई दिशा देने के लिए सोमवार को सातवें विश्व भूस्खलन मंच (WLF7) का भव्य आगाज हुआ। भारत और दक्षिण एशिया में पहली बार आयोजित हो रहे इस अंतरराष्ट्रीय मंच की मेजबानी अमृता विश्व विद्यापीठम का फरीदाबाद परिसर कर रहा है। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने साफ किया कि भारत अब आपदा के बाद राहत कार्य करने के बजाय रोकथाम, सटीक पूर्वानुमान और पूर्व तैयारी पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।

एआई और सैटेलाइट से मजबूत होगा चेतावनी तंत्र

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हिमालय और पूर्वोत्तर से लेकर पश्चिमी घाट तक भारत की विविध भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए निरंतर शोध बेहद जरूरी है। सरकार भूस्खलन संवेदनशीलता के मानचित्रण और बेहतर डेटाबेस के लिए भू-स्थानिक तकनीकों, उपग्रह अवलोकनों, सेंसर और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के इस्तेमाल को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने जोर दिया कि तकनीक का असली मकसद जमीनी स्तर पर समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित करना है, जिसके लिए ऐसी भरोसेमंद अंतिम-छोर चेतावनी व्यवस्था होनी चाहिए जिस पर स्थानीय समुदाय विश्वास कर सकें।

फरीदाबाद घोषणा-पत्र पर मंथन

27 नवंबर तक चलने वाले इस मंच के लिए 75 देशों से 700 से अधिक शोधपत्र और सार प्राप्त हुए हैं। उद्घाटन के पहले ही दिन क्योटो लैंडस्लाइड कमिटमेंट 2020 की उच्चस्तरीय समीक्षा के बाद प्रस्तावित ‘फरीदाबाद घोषणा-पत्र’ विचारार्थ प्रस्तुत किया गया। इसका उद्देश्य भूस्खलन जोखिम कम करने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग की प्राथमिकताएं तय करना है। इसमें वैज्ञानिक निष्कर्षों के आधार पर सुरक्षित निर्माण स्थल चुनने, बुनियादी ढांचे की सुरक्षा और आपात स्थिति के लिए समुदायों को तैयार करने पर जोर दिया गया है।

मुन्नार और सिक्किम के अनुभवों ने दिखाई राह

समारोह में अमृता विश्व विद्यापीठम की कुलाधिपति श्री माता अमृतानंदमयी देवी (अम्मा) का वीडियो संदेश प्रसारित किया गया। मंच की अध्यक्ष और विश्वविद्यालय की प्रो-वाइस चांसलर डॉ. मनीषा विनोदिनी रमेश ने कहा कि भूस्खलन के खतरे को कम करने के लिए विज्ञान के साथ-साथ संवेदनशीलता और साझा प्रतिबद्धता भी जरूरी है। गौरतलब है कि अमृता विश्वविद्यालय 2006 से इस क्षेत्र में काम कर रहा है। केरल के मुन्नार में वायरलेस सेंसर नेटवर्क और सिक्किम में एआई आधारित निगरानी प्रणाली विकसित करने के अनुभवों ने इस मंच की चर्चाओं को मजबूत आधार दिया है।

देश-विदेश के दिग्गजों की मौजूदगी

अंतरराष्ट्रीय भूस्खलन संघ (ICL) के तत्वावधान और यूनेस्को के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में देश-विदेश की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। भारतीय प्रतिनिधियों में पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव डॉ. श्रीनिवास कुमार तुम्माला, एनडीएमए के सदस्य डॉ. कृष्ण एस. वत्सा और जीएसआई के महानिदेशक दिनेश विट्ठलराव गनवीर मौजूद रहे। वहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ICL के अध्यक्ष प्रो. जेल्को अर्बानास, निर्वाचित अध्यक्ष प्रो. इरासेमा अल्कांतारा-अयाला, यूनेस्को के डॉ. सोइचिरो यासुकावा, प्रो. क्योजी सासा और प्रो. मात्याज मिकोश ने भी मंच पर अपने विचार रखे। यह सम्मेलन “सुरक्षित एवं आपदा-सहनीय समुदायों के लिए भूस्खलन विज्ञान और व्यवहार” विषय पर केंद्रित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *