एयर इंडिया विमान हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का निधन

एयर इंडिया विमान हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का निधनराष्ट्रीय शोक की लहर, 200 से अधिक लोगों की गई जान, हादसे की जांच शुरू

अहमदाबाद:गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का बुधवार को एक भीषण विमान हादसे में निधन हो गया। उनकी मृत्यु की पुष्टि गुजरात भाजपा अध्यक्ष सी. आर. पाटिल ने की है। यह दर्दनाक घटना एयर । इंडिया की फ्लाइट Al-171 के दुर्घटनाग्रस्त होने से हुई, जो अहमदाबाद से लंदन जा रही थी। विमान ने दोपहर 1:38 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी और कुछ ही मिनटों में तकनीकी खराबी के चलते मेघाणी नगर क्षेत्र में एक बहुमंजिला इमारत पर गिर पड़ा।

इस हादसे में पूर्व मुख्यमंत्री समेत 200 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 230 यात्री और 12 क्रू सदस्य शामिल थे। प्रारंभिक रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान उड़ान भरने के तुरंत बाद रडार से संपर्क टूटने के बाद सीधे जमीन से टकराया।

गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 हादसे में निधन, बेटी से मिलने लंदन जा रहे थे।

विजय रूपाणी, जो 2016 से 2021 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे, इस फ्लाइट में विशेष निजी यात्रा पर थे। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा, “विजयभाई न केवल एक अनुभवी नेता थे, बल्कि एक सजग जनसेवक भी थे। उनका यूं असमय जाना पूरे राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है।”

गृह मंत्री अमित शाह और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को ₹25 लाख की सहायता राशि देने की घोषणा की है, जबकि केंद्र सरकार ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय के तहत AAIB (Aircraft Accident Investigation Bureau) को उच्चस्तरीय जांच का आदेश दिया है।

विमान निर्माता कंपनी बोइंग और एयर इंडिया ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया है। एयर इंडिया की यह ड्रीमलाइनर फ्लाइट (Boeing 787-8) तकनीकी रूप से उन्नत मानी जाती है, लेकिन इस हादसे ने उसकी सुरक्षा पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

हादसे से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास की इमारतों को खाली करा लिया गया है और घायलों को अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एनडीआरएफ और दमकल विभाग ने मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *