श्री अमित शाह ने नई दिल्ली में किया भारतीय भाषा अनुभाग का लोकार्पण

भारत की भाषाई विविधता को समाहित करते हुए, यह अनुभाग सभी भाषाओं को एक संगठित एवं सशक्त मंच प्रदान करेगा

श्री अमित शाह ने नई दिल्ली में किया भारतीय भाषा अनुभाग का लोकार्पण

6 जून 2025, नई दिल्ली। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह द्वारा आज नई दिल्ली में भारतीय भाषा अनुभाग का उद्घाटन किया गया। केन्द्रीय गृह सचिव और सचिव, राजभाषा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति इस कार्यक्रम पर उपस्थित थे।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में आज भारतीय भाषा अनुभाग की स्थापना के साथ ही राजभाषा विभाग एक सम्पूर्ण विभाग बन गया है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन को विदेशी भाषाओं के प्रभाव से मुक्त कराने की दिशा में यह मील का पत्थर साबित होगा। श्री शाह ने कहा कि हमारी सोचने, विश्लेषण करने और निर्णय लेने की प्रक्रिया जब हमारी मातृभाषा में होती है तभी हमारी संभावना का परिपूर्ण उपयोग संभव है। उन्होंने यह भी कहा कि देश की सभी स्थानीय भाषाओं को बढ़ावा देकर ही हम भारत को उसके चिरातन गौरवमयी स्थान पर पहुंचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी हर भाषा दूसरी भाषा के साथ पूर्णता के साथ जुड़ी है और सभी भाषाओं का विकास एक-दूसरे के बिना संभव ही नहीं है। हमारी सभी भाषा रूपी नदियां मिलकर भारतीय संस्कृति की गंगा बनती है।

श्री शाह ने भारतीय संस्कृति को उल्लिखित करते हुए कहा कि भारतीय भाषाएं हमारी संस्कृति की और हमारी संस्कृति भारत की आत्मा हैं। भारतीय भाषा अनुभाग भारत की भाषाई विविधता को समाहित करते हुए, सभी भाषाओं को एक सशक्त और संगठित मंच प्रदान करेगा। हमें सभी भाषाओं की भावना, समृद्धि और संवेदना को कम किए बिना टेक्नोलॉजी का उपयोग करना चाहिए। हम भाषा के माध्यम से अंग्रेज़ी को हम पर थोपने की लड़ाई को ज़रूर जीतेंगे।

-आद्रिता मुखर्जी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *